आवारा कुत्तों पर नियंत्रण नाकाम, रेलवे रोड पर व्यापारी घायल।
बार-बार शिकायतों के बावजूद नहीं हो पाई ठोस कार्रवाई, आमजन की सुरक्षा पर सवाल।
नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या एक बार फिर सामने आ गई है। रेलवे रोड जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े एक दुकानदार पर कुत्ते के हमले की घटना ने नगर पालिका की पशु नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे रोड स्थित दुकानदार कृष्ण कुमार गोयल दोपहर के समय भोजन के बाद अपनी दुकान खोलने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और उनके पैर में काट लिया। हमले में वे घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उनकी सहायता की और उपचार के लिए चिकित्सक के पास पहुंचाया।
घटना के बाद रेलवे रोड क्षेत्र के व्यापारियों और राहगीरों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि रेलवे रोड नगर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां दिनभर बड़ी संख्या में लोग, महिलाएं और बच्चे आते-जाते रहते हैं। इसके बावजूद आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। व्यापारियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार नगर पालिका को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक ठोस और स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
धर्मपाल गोयल और संजय अग्रवाल ने नगर पालिका से मांग की है कि आवारा कुत्तों की धरपकड़ और टीकाकरण अभियान को नियमित और प्रभावी ढंग से चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आमजन खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह ने कहा कि आवारा कुत्तों की समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संबंधित टीम को कुत्तों की धरपकड़ और टीकाकरण के लिए निर्देशित किया जायेगा, रेलवे रोड सहित संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसुरक्षा नगर पालिका की प्राथमिकता है और भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों, इसके लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।



