स्वच्छता को लेकर नगर पालिका सख्त, बाजार क्षेत्रों में चलाया विशेष अभियान।
यूजर चार्ज व कूड़ा प्रबंधन में लापरवाही पर नोटिस, गंदगी पर तत्काल जुर्माना।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर क्षेत्र को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से नगर पालिका ने बाजार इलाकों में विशेष अभियान चलाया। अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर रेलवे रोड, मिल रोड और चौक बाजार में दुकानों का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानदार यूजर चार्ज जमा नहीं कर रहे थे और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का पालन नहीं कर रहे थे। ऐसे दुकानदारों को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर यूजर चार्ज की रसीद नगर पालिका में जमा कराने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर भी सख्ती बरती गई। टीम ने मौके पर दो व्यक्तियों को गंदगी करते हुए पकड़ा, जिन पर ₹1000 का जुर्माना लगाया गया।
मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि नगर पालिका की स्वच्छता मुहिम निरंतर जारी रहेगी और नियमों की अनदेखी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से स्वच्छता में सहयोग करने की अपील की।
इस दौरान कर अधीक्षक रविंद्र सिंह पवार, सुपरवाइजर सुरेंद्र व अंकित सहित नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे I



