Blog

गुरु तेग बहादुर, गुरु गोविंद सिंह व साहिबजादों पर टिप्पणी के करने वाले युवक की गिरफ्तारी की मांग लेकर सिख समाज ने कोतवाली में किया प्रदर्शन।

धार्मिक आस्था पर प्रहार से सिख समाज में उबाल दिखाई एकजुटता गुरुद्वारे से कोतवाली तक निकाला जुलूस।

खबर को सुनें
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सोशल मीडिया पर सिख धर्म के महान गुरुओं श्री गुरु तेग बहादुर, गुरु गोविंद सिंह और साहिबजादों के विरुद्ध की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से सिख समाज में गहरा आक्रोश फैल गया। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली इस टिप्पणी के विरोध में सिख समाज के लोग ऋषिकेश रोड स्थित गुरुद्वारे में एकत्र हुए और वहां से जुलूस निकालते हुए देहरादून रोड होते हुए कोतवाली पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गुरु तेग बहादुर और गुरु गोविंद सिंह तथा साहिबजादों का जीवन धर्म, मानवता और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। उनके सम्मान से खिलवाड़ करना पूरे समाज की आस्था पर सीधा आघात है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के प्रधान गुरदीप सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषी व्यक्ति को शीघ्र चिन्हित कर उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में शांति और सौहार्द बना रहे।

खैरी गुरुद्वारा के प्रधान सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग से समाज में नफरत और तनाव फैलाने की कोशिश की जा रही है। यदि समय रहते ऐसे मामलों पर रोक नहीं लगी तो सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंच सकता है।

गन्ना समिति के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह और सिख समाज से जुड़े जसविंदर सिंह डाली ने कहा कि गुरु तेग बहादुर, गुरु गोविंद सिंह और साहिबजादों का बलिदान केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि समूची मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे महापुरुषों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

कोतवाली पहुंचकर सिख समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपा। इस पर कोतवाली प्रभारी प्रदीप सिंह राणा ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले को पुलिस अत्यंत गंभीरता से ले रही है। प्राप्त शिकायत के आधार पर संबंधित पोस्ट और टिप्पणी की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से तकनीकी जानकारी जुटाकर आरोपी की पहचान की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

कोतवाली प्रभारी ने सभी से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरे मामले पर सतत निगरानी बनाए हुए है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, मोहित उनियाल, नरेंद्र सिंह नेगी, ताजेंद्र सिंह, अमरजीत सिंह, प्रिंस, अरविंदर सिंह, विजय बक्सी, जसविंदर सिंह डाली, करनैल सिंह, जरनैल सिंह, इंद्रजीत सिंह लाडी, विक्रम सिंह, तरसेम सिंह (राजा), जरनैल सिंह, प्रताप सिंह, गगनदीप सिंह, बलविंदर सिंह, रणवीर सिंह, गुरजीत सिंह, सुरेश सैनी, राजकुमार राज, हरविंदर सिंह, इंद्रपाल सिंह, मोंटी, प्रदीप सिंह, जसवीर सिंह, हरदयाल सिंह, करनैल सिंह, रणवीर सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में सिख समाज के लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button