49 दिनों से जारी आंदोलन, विस्थापितों ने रैली निकालकर पुनर्वास नीति पर उठाए सवाल।
एयरपोर्ट विस्तार को लेकर प्रभावितों की चेतावनी, समाधान नहीं तो संघर्ष तेज।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
एयरपोर्ट विस्तारीकरण के कारण प्रस्तावित विस्थापन को लेकर अठूरवाला क्षेत्र में असंतोष लगातार गहराता जा रहा है। विस्थापन के विरोध में चल रहा आंदोलन रविवार को 49वें दिन में प्रवेश कर गया। इस दौरान संघर्ष समिति की ओर से धरना स्थल से हिमालय चौक तक चेतावनी रैली निकाली गई।
रैली में शामिल लोगों ने कहा कि लंबे समय से आंदोलन के बावजूद सरकार और प्रशासन की ओर से पुनर्वास एवं मुआवजे को लेकर कोई स्पष्ट नीति सामने नहीं आई है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि अनिश्चितता के कारण उनके भविष्य पर संकट बना हुआ है।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष मनजीत सजवान ने कहा कि लोग विकास के विरोध में नहीं हैं, लेकिन बिना ठोस पुनर्वास योजना के विस्थापन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन का स्वरूप और व्यापक किया जाएगा।
संघर्ष समिति से जुड़ी कविता ने कहा कि विस्थापन की प्रक्रिया से आम परिवारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार प्रभावितों की बात सुनकर व्यावहारिक समाधान निकाले।
रैली के दौरान वक्ताओं ने न्यायसंगत मुआवजा, स्थायी पुनर्वास और प्रभावित परिवारों के साथ संवाद की मांग दोहराई। आंदोलन शांतिपूर्ण रहा।
रैली में सिरा देवी, कमला, विमला, देवेंद्र, रुक्मणी, सुभाष, अनीता, रुचि, सुधा, केदार, राम सिंह, रजनी, मधु, विक्रम सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।



