संवाद की जीत, अठूरवाला में सहमति के साथ खत्म हुआ आंदोलन।
एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित परिवारों को पुनर्वास व मुआवजे पर ठोस भरोसा।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को लेकर अठूरवाला क्षेत्र में लंबे समय से बना गतिरोध आखिरकार संवाद और आपसी सहमति से समाप्त हो गया। लगभग दो माह से आंदोलन कर रहे ग्रामीणों को शासन और प्रशासन की ओर से पुनर्वास व मुआवजे को लेकर ठोस आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। यह समाधान शासन–प्रशासन और जनता के बीच भरोसे का उदाहरण बनकर सामने आया है।
डोईवाला तहसील हॉल में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आंदोलनकारियों के बीच विस्थापन से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला धरना स्थल पहुंचे और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि विकास कार्यों को जनभावनाओं के अनुरूप ही आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित प्रत्येक परिवार को जमीन के बदले जमीन दी जाएगी और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। विधायक ने यह भी घोषणा की कि पूर्व चिह्निकरण में छूटे 9 परिवारों को विस्थापितों की सूची में शामिल किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले प्रभावित परिवारों को दोगुना मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही सर्किल रेट में मौजूद विसंगतियों को दूर करने के लिए शासन स्तर पर वार्ता कर समान दर लागू कराने का भरोसा दिया गया। जिन परिवारों ने भूखंड खरीदकर अपने मकान बनाए हैं, उन्हें भी विस्थापन की श्रेणी में शामिल करते हुए पुनर्वास के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
पुनर्वास प्रक्रिया को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए देहरादून, डोईवाला और देहरादून सदर के उप-जिलाधिकारियों को उपयुक्त भूमि चिन्हित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि भूमि चिन्हिकरण के बाद जल्द ही आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
इस अवसर पर अपर सचिव संजय सिंह टोलिया ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें लगातार शासन तक पहुंचाया गया। वहीं एसडीएम अपर्णा डोंडियाल ने इसे शासन–प्रशासन और जनता के बीच निरंतर संवाद और विश्वास का सकारात्मक परिणाम बताया। धरना समाप्ति के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह रावत, पुरुषोत्तम डोभाल, दिनेश सजवान, अठूरवाला संघर्ष समिति अध्यक्ष मनजीत सजवान, राजेश भट्ट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



