Blog

पालिका में विकास ठप होने का आरोप,भाजपा सभासद प्रदीप नेगी ने भाजपा के पालिका अध्यक्ष की कार्यशैली पर उठाए सवाल। सभासद प्रदीप नेगी ने कांग्रेस सभासद पर भी साधा निशाना।

भाजपा सभासद प्रदीप नेगी बोले— राजनीतिक पक्षपात के चलते नगर हित हो रहा प्रभावित।

खबर को सुनें
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला नगर पालिका में विकास कार्यों की रफ्तार थमने और आंतरिक असंतोष को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। नगर पालिका सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में वार्ड नंबर 9 के सभासद प्रदीप नेगी ने पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
प्रदीप नेगी ने कहा कि नगर पालिका में निर्णय प्रक्रिया निष्पक्ष न होकर राजनीतिक समीकरणों से प्रभावित दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष द्वारा कुछ चुनिंदा सभासदों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों की भूमिका सीमित होती जा रही है और इसका सीधा असर नगर के विकास कार्यों पर पड़ रहा है।
भाजपा सभासद ने बताया कि कई आवश्यक विकास प्रस्ताव लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन उन पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा। उन्होंने कहा कि बार-बार सुझाव और मांग रखने के बावजूद भाजपा सभासदों की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा, जिससे नगर पालिका के भीतर असंतोष का माहौल बन गया है।
प्रदीप नेगी ने इसे जनता के हितों के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि नगरवासियों ने जिन उम्मीदों के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना है, वे पूरी नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने मांग की कि पालिका अध्यक्ष सभी सभासदों को समान रूप से विश्वास में लेकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी विकास कार्यों में भेदभाव और अनदेखी का रवैया जारी रहा, तो भाजपा सभासद जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने को मजबूर होंगे।
पालिका अध्यक्ष नियमों की कर रहे है अनदेखी। सभासद
कल्पना राणा

पालिका की वार्ड नंबर 3 की सभासद कल्पना राणा ने कहा कि नगर पालिका अधिनियम के तहत बोर्ड बैठकें नियमित रूप से होना अनिवार्य है, लेकिन अध्यक्ष नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठकें न बुलाकर और एजेंडा मनमाने ढंग से तय कर सभासदों की भूमिका सीमित की जा रही है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कल्पना राणा ने चेतावनी दी कि यदि यही स्थिति रही तो सभासद आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

बजट होते हुए भी योजनाओं का धरातल पर न उतरना गंभीर चिंता का विषय। सभासद प्रियंका मनवाल

पालिका की वार्ड नंबर 5 की सभासद प्रियंका मनवाल ने कहा कि नगर पालिका का करीब 26 करोड़ रुपये का बजट होने के बावजूद अब तक केवल 5.50 करोड़ रुपये ही खर्च हो पाया है, जो विकास कार्यों की धीमी गति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बजट होते हुए भी योजनाओं का धरातल पर न उतरना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पालिका अध्यक्ष की मनमानी और टालमटोल के कारण विकास कार्य रुके हुए हैं। सभासदों द्वारा उठाए जा रहे जनहित के प्रस्तावों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता ने उन्हें विकास के लिए चुना है और यदि जल्द हालात नहीं सुधरे तो जनप्रतिनिधि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने को मजबूर होंगे।

पालिका अध्यक्ष का तानाशाही रवैया न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है, बल्कि इससे नगर का समग्र विकास भी हो रहा प्रभावित। सभासद संदीप नेगी

पालिका के वार्ड नंबर 8 के सभासद संदीप नेगी ने पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सभासदों को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, जबकि सच्चाई इससे बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने सभासदों को क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए चुना है और वे उसी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं।
संदीप नेगी ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि पालिका अध्यक्ष संवाद और सहयोग की बजाय एकतरफा निर्णय थोपने की नीति अपना रहे हैं। सभासदों की राय को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य अटके हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष का तानाशाही रवैया न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है, बल्कि इससे नगर का समग्र विकास भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने दो टूक कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों की आवाज को दबाने और विकास कार्यों में बाधा डालने का सिलसिला जारी रहा तो इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनता के हितों की रक्षा के लिए सभासद एकजुट होकर संघर्ष करेंगे और नगर के विकास को रुकने नहीं देंगे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button