Blog

शिक्षकों से मारपीट के बाद स्कूल रहा बंद, छात्राओं से अभद्रता के विरोध पर हुआ विवाद, शिक्षक खुद को बता रहे असुरक्षित, खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को दिया सुरक्षा का भरोसा।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
राजकीय प्रथम प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय तेलीवाला में बृहस्पतिवार को हुई घटना के बाद शुक्रवार को विद्यालय बंद रहा। आरोप है कि बृहस्पतिवार को तेलीवाला निवासी सरफराज उर्फ मोनू ने विद्यालय परिसर में छात्राओं से अभद्र व्यवहार किया। जब शिक्षकों ने इसका विरोध किया तो युवक ने तीन शिक्षकों के साथ मारपीट कर दी थी।
घटना के बाद विद्यालय के सभी शिक्षक सहमे हुए हैं। शिक्षकों का कहना है कि वे विद्यालय परिसर में स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। छात्राओं की सुरक्षा और गरिमा की रक्षा करना उनका दायित्व है, लेकिन इसी दौरान उनके साथ मारपीट होना अत्यंत गंभीर विषय है। इसी कारण शिक्षकों ने बिना पुलिस सुरक्षा के विद्यालय आने से इनकार कर दिया।
शिक्षकों द्वारा विवेक अवकाश लिए जाने के कारण शुक्रवार को विद्यालय बंद रहा, जिससे पठन-पाठन कार्य पूरी तरह प्रभावित हुआ।

खंड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट ने बताया कि शिक्षकों ने विवेक अवकाश लिया था, जिस कारण विद्यालय बंद रहा। उन्होंने कहा कि विद्यालय शनिवार से पूर्व की भांति खोले जाएंगे तथा शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। कहा कि शिक्षकों और छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
डोईवाला के जनप्रतिनिधियों ने खंड शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर विद्यालय खुलवाने की मांग की और उन्होंने शिक्षकों की सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button