एसडीआरएफ ने राज्यव्यापी मॉक ड्रिल में दिखाई आपदा प्रबंधन क्षमता, वनाग्नि नियंत्रण अभ्यास में एसडीआरएफ और संबंधित विभागों ने प्रदर्शित की तत्परता।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
उत्तराखंड शासन के निर्देश वनाग्नि घटनाओं को देखते हुए राज्यभर में वनाग्नि नियंत्रण और आपदा प्रबंधन तैयारियों की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। यह अभ्यास वनाग्नि-संवेदनशील क्षेत्रों में एक साथ संचालित हुआ, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके।
अभ्यास के दौरान एसडीआरएफ की टीमों ने घटनास्थल पर तुरंत पहुँचकर फायर-लाइन निर्माण, आग पर नियंत्रण, सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन तथा प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने का व्यावहारिक अभ्यास किया। घायलों को प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना भी अभ्यास का हिस्सा रहा।
इस मॉक ड्रिल में वन विभाग, जिला पुलिस, होमगार्ड, चिकित्सा विभाग और स्थानीय प्रशासन सहित सभी विभागों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभ्यास के माध्यम से विभागों के मध्य समन्वय, संसाधन प्रबंधन और संचार व्यवस्था का परीक्षण किया गया।
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि एसडीआरएफ राज्य में किसी भी वनाग्नि आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम और प्रशिक्षित है। यह अभ्यास हमारी तत्परता और सामूहिक कार्यप्रणाली को और मजबूत करता है।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य मानव जीवन, वन संपदा और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करना और विभागों की संयुक्त कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाना रहा।



