Blog

(आकाशीय बिजली का कहर) धरमूचक में 16 भेड़ व दो बकरियों की मौत, पशुपालक की आजीविका पर संकट।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
क्षेत्र में रविवार रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज गर्जना और बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली ने एक गरीब पशुपालक की मेहनत को पलभर में तबाह कर दिया। ग्राम धरमूचक के पाल मोहल्ले में आकाशीय बिजली गिरने से कलम सिंह पाल पुत्र बाबूराम की 16 भेड़ और दो बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गांव में दहशत का माहौल बना रहा।

बताया गया कि रविवार देर रात सभी पशु बाड़े में बंधे हुए थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर सभी पशुओं की तत्काल मौत हो गई। पशुपालक कलम सिंह के लिए यह घटना बड़ा आर्थिक झटका है, क्योंकि पशुपालन ही उनके परिवार की आय का एकमात्र साधन था।
घटना की जानकारी मिलते ही पटवारी कुंवर सिंह सैनी मौके पर पहुंचे और नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए क्षति आकलन रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दी है, ताकि पीड़ित परिवार को आपदा राहत के अंतर्गत सहायता मिल सके।

ग्राम प्रधान परमिंदर सिंह बाउ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आकाशीय बिजली गिरने से एक गरीब पशुपालक को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए, जिससे उसे कुछ राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने बरसात के मौसम में पशुओं की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील भी की।

पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पूजा पांडे ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से सभी 16 भेड़ों और दो बकरियों की मौत हुई है। सभी मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कर लिया गया है और रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेज दी गई है, ताकि आपदा राहत नियमों के तहत आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि आपदा राहत प्रावधानों के अंतर्गत पीड़ित को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन की ओर से रिपोर्ट के आधार पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button