Blog

नगर पालिका बोर्ड बैठक में 72 करोड़ का बजट पास 71.55 करोड़ रुपये व्यय को मिली मंजूरी, डोईवाला को आदर्श पालिका बनाने का संकल्प।

पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता और अधिशासी अधिकारी के संचालन में हंगामेदार चली बैठक विभिन्न प्रस्ताव पारित।।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद डोईवाला की बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 72 करोड़ रुपये की आय और 71.55 करोड़ रुपये के व्यय का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में नगर के सर्वांगीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सेवाओं को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई। सभासदों ने एकजुट होकर डोईवाला को आदर्श पालिका बनाने का संकल्प लिया।

बजट में सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे, स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, पार्क और खेल मैदानों के विकास को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही नगर क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

मुख्य अतिथि विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि नगर पालिका का यह बजट डोईवाला के विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि नगर निकायों के माध्यम से आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलें और विकास कार्यों में गुणवत्ता व पारदर्शिता बनी रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि यह बजट सभी 20 वार्डों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि पालिका का लक्ष्य डोईवाला को स्वच्छ, सुंदर और सुविधासंपन्न नगर बनाना है, जिसके लिए सभी सभासदों का सहयोग जरूरी है।

नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने कहा कि बोर्ड बैठक नियमानुसार संपन्न हुई है और पारित बजट के अनुरूप सभी विकास कार्य समयबद्ध ढंग से कराए जाएंगे।

नगर पालिका परिषद डोईवाला की बोर्ड बैठक में वार्ड नंबर–8 अथूरवाला के सभासद संदीप सिंह नेगी ने पूर्व बैठकों में पारित प्रस्तावों पर एक वर्ष बाद भी कार्य न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पहले स्वीकृत कई विकास कार्यों में कटौती कर दी गई, जिससे वार्ड के जरूरी काम रुके हुए हैं।
सभासद ने बोर्ड के समक्ष वार्ड में पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था, सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, सड़क निर्माण तथा पेयजल लाइन बिछाने की मांग रखी। साथ ही पालिका में कार्यरत पर्यावरण मित्रों एवं पथ प्रकाश व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों को नियमों के अनुसार साप्ताहिक अवकाश, सवेतनिक अवकाश व ग्रेच्युटी जैसे लाभ दिए जाने की बात भी कही।
वार्ड नंबर–10 के सभासद ईश्वर रौथान ने प्रस्ताव रखते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय ओतार सिंह तोपवाल की स्मृति में बुराडी चौक स्थित मूर्ति चौक से संबंधित सड़क का नाम उनके नाम पर रखा जाए।
साथ ही उन्होंने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की भी मांग की, ताकि चौक की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो और रात्रि में आवागमन सुरक्षित बनाया जा सके।

नगर पालिका बोर्ड बैठक में वार्ड नंबर–1 के सभासद मनीष धीमान ने वार्ड की समस्याएं उठाईं। उन्होंने सभी कच्ची सड़कों के निर्माण, हाट में आने वाले बाहरी व्यापारियों के सत्यापन और देहरादून–ऋषिकेश मुख्य मार्ग पर क्षतिग्रस्त नालियों के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव रखा।

सभासद प्रियंका मनवाल ने क्षेत्र की वार्ड नंबर–6 के सैनिक मोहल्ले में ट्यूबवेल निर्माण, 50 साल पुरानी पेयजल पाइपलाइन को बदलने तथा लाइटों की बेहतर व्यवस्था के लिए नए विद्युत पोल लगाने का प्रस्ताव दिया।

वार्ड नंबर 14 की सभासद सुशीला सैनी ने बोर्ड बैठक में ट्रेचिंग ग्राउंड को हस्तांतरित करने की मांग उठाई। साथ ही मुख्य सड़क पर दोनों ओर चार-चार फीट चौड़ा फुटपाथ बनाने और वार्ड में अधूरी पड़ी मूलभूत सुविधाएं पानी, बिजली व सड़क शीघ्र पूरी करने की मांग की।

सभासद सुनीता सेनी ने बताया कि वार्ड में लगी बटन वाली स्ट्रीट लाइटें बरसात के मौसम में खतरा बन सकती हैं, इसलिए उनकी जगह सुरक्षित स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं। उन्होंने नगर पालिका से वार्ड के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा कराने की अपील की।

बोर्ड बैठक में अन्य सभी सभासदों ने भी अपने-अपने वार्डों की मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों पर जोर दिया। बैठक में सभासद सुनीता सैनी,अमित कुमार, कल्पना राणा, राकेश डोभाल, सुरेश सैनी, सुरेंद्र कुमार, बबीता देवी, जमुना देवी, रियासत अली, अरुण सोलंकी, गौरव मल्होत्रा, रीना कोठारी, विनीत राजपूत, प्रदीप नेगी जेठली और राजेश भट्ट ने पानी, बिजली, सड़क व अन्य आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग रखी। इस दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत, नगर पालिका लेखाकार सतीश चमोली आदि मौजूद रहे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button