KGBV छात्राओं ने जाना आसमान का रास्ता—देहरादून एयरपोर्ट में मिला करियर का नया विज़न।
एएआई की पहल में एटीसी, फायर स्टेशन व एयरपोर्ट संचालन की कार्यप्रणाली से रूबरू हुईं छात्राएं।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) देहरादून द्वारा कस्तूरबा गांधी रेजिडेंशियल स्कूल (KGBV) टिहरी की छात्राओं को एयरपोर्ट भ्रमण कराया गया, जिसमें छात्राओं ने विमानन जगत के विभिन्न पहलुओं को करीब से समझा।
एयरपोर्ट निदेशक बी.सी.एच. नेगी के मार्गदर्शन में छात्राओं ने टर्मिनल, एप्रन, फायर स्टेशन और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर का निरीक्षण किया। उन्हें एयरपोर्ट संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और एटीसी द्वारा उड़ानों के नियंत्रण की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
विमानों की ग्राउंड गतिविधियों और फायर स्टेशन के लाइव डेमो ने छात्राओं के उत्साह को और बढ़ाया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विमानन क्षेत्र में भविष्य के करियर अवसरों से अवगत कराना रहा।
भ्रमण के अंत में छात्राओं ने इस प्रेरणादायी अनुभव के लिए एएआई देहरादून का धन्यवाद किया।



