जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर पक्षी खतरे को लेकर संयुक्त निरीक्षण, एमआरएफ सेंटर में व्यवस्थाएं संतोषजनक।
एयरपोर्ट अथॉरिटी, तहसील प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने किया निरीक्षण, एमआरएफ सेंटर को पूरी तरह कवर करने के लिए डीपीआर तैयार।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली फ्लाइटों को पक्षियों से होने वाले संभावित खतरे को लेकर सोमवार को जॉली ग्रांट एयरपोर्ट प्रशासन, तहसील प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने नगर पालिका के केशवपुरी- राजीव नगर में एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था का जायजा लिया गया।
संयुक्त निरीक्षण में मौके पर पाया गया कि एमआरएफ सेंटर में कूड़े का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है और खुले में ऐसा कोई कचरा नहीं है जिससे पक्षियों के जमावड़े की स्थिति बने।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने कहा कि विमान सुरक्षा की दृष्टि से एमआरएफ सेंटर का पूरी तरह कवर्ड होना जरूरी है, ताकि किसी भी प्रकार का जोखिम न रहे।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह ने बताया कि एमआरएफ सेंटर में एकत्रित पूरे कचरे का पूर्ण रूप से निस्तारण कर दिया गया है। साथ ही सेंटर को पूरी तरह से कवर करने के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) भी तैयार कर ली गई है, जिस पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि एयरपोर्ट की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था दुरुस्त रहे और उड़ानों पर पक्षियों से होने वाले खतरे की आशंका पूरी तरह समाप्त हो। इस मौके पर नया तहसीलदार आरएस रावत, पालिका के सफाई निरीक्षक सचिन रावत आदि मौजूद रहे।



