उच्च शिक्षा क्षेत्रीय कार्यालय में 77 वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उच्च शिक्षा क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून में संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. ए. एस. उनियाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों, वीरांगनाओं और स्वतंत्रता सेनानियों के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी विशिष्ट भूमिका का निर्वाह करने वाले महापुरुषों को शत-शत नमन किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए।
संयुक्त निदेशक प्रो. ए. एस. उनियाल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि यह पर्व आत्मावलोकन का पर्व है। उन्होंने सभी नागरिकों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे भारत के गणतंत्र की स्थापना के मूल्यों, उद्देश्यों और आदर्शों को पूरा करने में योगदान दें। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, अखण्डता, समानता, स्वतंत्रता, व्यक्ति की गरिमा और विश्व बन्धुत्व की भावना को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रो. उनियाल ने कहा, “हमारा गणतंत्र तभी मजबूत रह सकता है, जब प्रत्येक नागरिक सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन में अपनी भूमिका का निर्वाह निष्ठापूर्वक करें।”
उन्होंने यह भी कहा कि उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत शिक्षण संस्थान प्रदेश और राष्ट्र के विकास में महती भूमिका निभा रहे हैं। इन संस्थानों के प्रबुद्ध विद्वान समाज को दिशा प्रदान करते हैं, और युवा अपने गुरूजनों से प्राप्त ज्ञान के आधार पर समाज की रचना में योगदान देते हैं। गणतंत्र दिवस पर उन्होंने उच्च शिक्षा के समस्त हितधारकों से शिक्षा के विकास हेतु निष्ठापूर्वक योगदान की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. (डॉ.) के. एल. तलवाड़ ने कहा, “विगत वर्षों में हमने शिक्षा, विज्ञान, तकनीकी और सूचना प्रौद्योगिकी में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त की है। अब हमें नैतिक मूल्यों को बनाए रखते हुए ज्ञान, कौशल और निपुणता के शिखर पर पहुंचना है।” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा संचालित योजनाओं जैसे ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, ‘स्वच्छ भारत मिशन’ और ‘फिट इंडिया’ को लेकर भी चर्चा की और युवाओं से इन योजनाओं में भाग लेने का आह्वान किया।
उपनिदेशक प्रो. ममता नैथानी ने कहा कि हमें समाज में प्रचलित कुरीतियों और अंधविश्वासों को दूर कर ज्ञान और चेतना के प्रकाश से भारत को आलोकित करना चाहिए। वहीं,कार्यक्रम का संचालन करते हुए सहायक निदेशक प्रो. दीपक कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों से अनुशासन और कक्षाओं में पूर्ण मनोयोग से अध्ययन करने की अपील की। और कहा कि अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा और लोक समर्पण की भावना से करें और भारतीय गणतंत्र को सर्वोच्च शिखर पर प्रतिष्ठित करने में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम में चिन्यालीसौड़ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रभात द्विवेदी, प्रो.वी.पी. श्रीवास्तव, प्रो. दीपा मेहरा रावत ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितों ने संकल्प लिया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा और समर्पण से करेंगे और भारतीय गणतंत्र को सर्वोच्च शिखर पर प्रतिष्ठित करेंगे।गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर सभी ने एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और भी मजबूत किया। इस अवसर पर प्रो. आर. एम. पटेल, साईं सृजन पटल के उपसंपादक अंकित तिवारी, भूपेंद्र सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व क्षेत्रीय कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।



