सिविल जज सांची अग्रवाल ने युवाओं को नशे से दूर रहने और लक्ष्य पर टिके रहने का दिया संदेश।
राष्ट्रीय युवा दिवस पर सिपेट डोईवाला में विधिक जागरूकता शिविर।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
राष्ट्रीय युवा दिवस (स्वामी विवेकानंद जयंती) के अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति, डोईवाला द्वारा सिपेट डोईवाला में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के निर्देशन में आयोजित हुआ।
शिविर में तालुका विधिक सेवा समिति डोईवाला की सचिव एवं सिविल जज सांची अग्रवाल ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है।
कार्यक्रम में नशामुक्ति, साइबर अपराध से बचाव, सामाजिक माध्यमों के जिम्मेदार उपयोग, महिलाओं की सुरक्षा, यातायात नियमों तथा मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी गई। युवाओं को बताया गया कि नशे की समस्या से ग्रसित व्यक्ति नशामुक्त भारत अभियान की टोल-फ्री हेल्पलाइन 14446 पर संपर्क कर सकते हैं, जबकि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री की शिकायत 1933 पर की जा सकती है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए पी.एल.वी. श्री सुभाष तिवारी द्वारा उपस्थित जनसमूह को अवगत कराया गया कि भारत में प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद जी के विचारों ने न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व को धर्म, मानवता एवं कर्म का सच्चा अर्थ समझाया। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके प्रेरणादायक विचारों एवं आदर्शों से परिचित कराना है।
कार्यक्रम में निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए नालसा के टोल-फ्री नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी गई। शिविर में सी-पेट डोईवाला के अधिकारी, प्रशिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।



