Blog

जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर इंडिगो की सभी उड़ानें रद्द।

100 से अधिक यात्री फंसे; सिस्टम की तैयारियों पर उठे सवाल, इंडिगो–AAI ने शुरू की राहत व्यवस्था।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर इंडिगो एयरलाइन ने अचानक बड़ा फैसला लेते हुए आज निर्धारित सभी उड़ानें रद्द कर दीं। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार इंडिगो की कुल 13 उड़ानें आज संचालित होनी थीं, जिनके लिए 100 से अधिक यात्री समय से पहले ही एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। अचानक उड़ानें ठप होने की घोषणा से यात्रियों में नाराज़गी के साथ हड़कंप जैसा माहौल बन गया।

यात्रियों के फंसने से एयरपोर्ट सिस्टम की तैयारी और स्टाफ समन्वय पर भी सवाल खड़े होने लगे। कई यात्रियों ने जानकारी के अभाव और देरी से मिले अपडेट को लेकर नाराज़गी जताई।

इस बीच इंडिगो की ओर से तत्काल हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है, जहां रिफंड, री-बुकिंग और वैकल्पिक उड़ानों की जानकारी दी जा रही है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की टीम भी मौके पर मौजूद रही और भीड़ प्रबंधन से लेकर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने में जुटी रही।

AAI अधिकारियों ने बताया कि उड़ानें रद्द किए जाने का स्पष्ट कारण अभी तक एयरलाइन की ओर से साझा नहीं किया गया है। इंडिगो प्रबंधन ने कहा कि स्थिति की समीक्षा की जा रही है और जल्द ही यात्रियों को आगे की जानकारी दी जाएगी।

अचानक रद्दीकरण से परेशानी झेल रहे यात्रियों ने इस स्थिति को “अप्रत्याशित और असुविधाजनक” बताया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से संयम रखने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button