Blog

चिलचिलाती गर्मी में कान्हरवाला–भानियावाला के 400 परिवार पानी को तरसे, तकनीकी खराबी से ओवरहेड टैंक खाली)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भीषण गर्मी के बीच कान्हरवाला–भानियावाला क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के बीच करीब 400 परिवारों के घरों में नल सूखे पड़े हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीने के पानी की कमी ने उनका दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।

वार्ड नंबर 3 के पूर्व सभासद हिमांशु राणा ने बताया कि कुछ दिन पहले पेयजल आपूर्ति की मोटर में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक किया गया, लेकिन अगले ही दिन वाल्व फट गया। इसके बाद से पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। मौजूदा स्थिति यह है कि पानी ओवरहेड टैंक तक नहीं चढ़ पा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी आशा देवी ने कहा कि 15 दिन से घर में एक बूंद पानी नहीं आ रहा है। इस गर्मी में पीने और खाना बनाने के लिए बाहर से पानी लाना बहुत मुश्किल हो गया है।

गीता उनिहाल ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही, गर्मी में हालात और बदतर हो गए हैं।

बसंती देवी ने कहा कि नलों में पानी नहीं है और टैंकर की भी कोई व्यवस्था नहीं, तेज धूप में दूर से पानी ढोना मजबूरी बन गया है।

सुरेंद्र चौहान ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए लोग परेशान हैं, प्रशासन को तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए।

इस संबंध में जल संस्थान के अवर अभियंता विनोद असवाल ने बताया कि पेयजल आपूर्ति की मोटर में गंभीर तकनीकी खराबी आने से पानी ओवरहेड टैंक तक नहीं चढ़ पा रहा है। विभाग द्वारा समस्या का निरीक्षण कर लिया गया है और नई मोटर लगाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। एक-दो दिन में नई मोटर स्थापित होते ही क्षेत्र में नियमित और सुचारु पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक चिलचिलाती गर्मी को देखते हुए टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक जलापूर्ति की तत्काल व्यवस्था की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button