छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी रोकने पर शिक्षकों पर हमला, आरोपी गिरफ्तार।
प्रार्थना सभा के दौरान विद्यालय में घुसकर युवक ने की मारपीट, शिक्षकों को दी जान से मारने की धमकी।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
राजकीय प्राथमिक विद्यालय तेलीवाला में छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। विद्यालय परिसर के पास छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे युवक को जब शिक्षकों ने रोका, तो वह बेकाबू हो गया और प्रार्थना सभा के दौरान ही शिक्षकों पर हमला कर दिया। आरोपी ने अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। अध्यापिका द्वारा दी गई सूचना पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सरफराज उर्फ मोनू पुत्र हनीफ निवासी तेलीवाला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित अध्यापक जयपाल सिंह ने बताया कि सुबह विद्यालय में प्रार्थना सभा चल रही थी। इसी दौरान सरफराज उर्फ मोनू विद्यालय परिसर के पास आकर छात्राओं पर अशोभनीय और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने लगा। जब शिक्षकों ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जयपाल सिंह ने कहा कि विद्यालय जैसे पवित्र स्थान पर इस तरह की हरकत बेहद निंदनीय है और इससे बच्चों की मानसिक सुरक्षा पर भी खतरा पैदा होता है।
बीच-बचाव के लिए आए अध्यापक कमल प्रकाश और अध्यापिका उषा देवी के साथ भी आरोपी ने हाथापाई की। आरोपी ने छात्राओं के सामने खुलेआम अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए शिक्षकों को जान से मारने की धमकी दी, जिससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। घटना के बाद छात्राएं दहशत में आ गईं।
घटना को लेकर शिक्षकों में भारी रोष व्याप्त है।
शिक्षक संघ से जुड़े ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सागर ने कहा कि इस घटना के बाद पूरे ब्लॉक के शिक्षकों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा किया कि यदि शासन-प्रशासन शीघ्र संज्ञान लेकर शिक्षकों की जान-माल की सुरक्षा की ठोस व्यवस्था नहीं करता है, तो सभी विद्यालयों को पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया जाएगा। यदि इसके बावजूद भी प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई, तो ब्लॉक के सभी स्कूलों को बंद कर शिक्षकों द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों में भी तीव्र आक्रोश देखने को मिला। हिंदू संगठन से जुड़े अविनाश सिंह ने कहा कि विद्यालय परिसर में घुसकर छात्राओं और शिक्षकों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ।
संगठन के ही संतोष राजपूत ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और ऐसी मानसिकता रखने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस मौके पर कोतवाली में पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, सभासद विनीत राजपूत, रियासत अली, विहिप से राकेश सिंह, गौरव राजपूत, सुमित वर्मा, अविनाश सिंह जीतेन्द्र राजपूत प्रदीप राजपूत राखी छेत्री संतोष राजपूत,विक्रम सिंह दीपक कप्रुवन आदि मौजूद थे।



