Blog

डोईवाला उपचुनाव में बढ़ी गर्माहट: 42 सीटों में से 44 नामांकन दाखिल, कई सीटों पर निर्विरोध की तैयारी।

7 सीटों पर नहीं खरीदा गया एक भी फॉर्म, 31 वार्डों में बिना मुकाबले चुनाव तय होने के आसार; 15 को जांच, 16 को नाम वापसी।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विकासखंड की 42 सदस्य सीटों पर होने वाले उपचुनाव में शुक्रवार का दिन नामांकन प्रक्रिया के लिहाज़ से सबसे ज्यादा सक्रिय रहा। अंतिम दिन कार्यालय परिसर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ से राजनीतिक माहौल चरम पर रहा। नामांकन अवधि में कुल 59 नामांकन पत्र खरीदे गए, जिनमें से 44 उम्मीदवारों ने अपने प्रपत्र दाखिल किए।

चुनाव कार्यालय के अनुसार 7 सीटें ऐसी रहीं, जहां किसी भी इच्छुक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र खरीदने तक की दिलचस्पी नहीं दिखाई। ऐसे वार्डों में निर्वाचन प्रक्रिया स्वतः समाप्त मानी जाएगी। इसके अलावा पूरे विकासखंड में 31 वार्ड ऐसे बन गए हैं जहां विरोधी उम्मीदवार न होने के कारण निर्विरोध सदस्य चुने जाने की स्थिति स्पष्ट होती दिख रही है। इससे स्थानीय राजनीतिक हलकों में नई चर्चा तेज हो गई है।

एडीओ पंचायत राजेश नेगी ने बताया कि दाखिल नामांकन पत्रों की जांच 15 नवंबर को की जाएगी, जबकि 16 नवंबर नाम वापसी का अंतिम दिन रहेगा। इन प्रक्रियाओं के बाद यह तय हो जाएगा कि किन वार्डों में वास्तविक मुकाबला होगा और किन सीटों पर निर्विरोध परिणाम घोषित किया जाएगा।

प्रशासन ने उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक 20 नवंबर को मतदान और 22 नवंबर को मतगणना कराई जाएगी। चुनाव अधिकारियों का कहना है कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं पुख्ता की जा रही हैं।

नामांकन के अंतिम दिन दिखी चुनावी हलचल ने पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल को और अधिक गरमा दिया है। अब सभी की निगाहें 15 और 16 नवंबर की प्रक्रियाओं पर टिकी हैं, जिनसे उपचुनाव की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button