बंदरों के आतंक से वार्डवासी परेशान, जल्द अभियान की मांग। (प्रकाश कोठारी ने ज्ञापन सौंपकर संबंधित विभाग से कार्रवाई कराने की मांग की)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद डोईवाला के वार्ड 20 में बढ़ते बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग को लेकर सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी ने अधिशासी अधिकारी एमएल शाह और नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बंदरों को पकड़ने के लिए जल्द अभियान चलाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड 20 में पिछले कुछ समय से बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के झुंड घरों, गलियों और आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे हैं। ये खाद्य सामग्री और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचाने के साथ ही बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। बंदरों के कारण क्षेत्रवासियों में चोट और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
प्रकाश कोठारी ने कहा कि बंदरों की बढ़ती संख्या से वार्डवासी परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभाग की विशेषज्ञ टीम के माध्यम से बंदरों को पकड़ने के लिए जल्द अभियान चलाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने कहा कि वार्ड 20 में बंदरों की समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है। संबंधित विभाग से समन्वय कर बंदरों को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए जल्द प्रयास किए जाएंगे।



