डोईवाला में शनिवार से ऑनलाइन भवन गणना शुरू नगर पालिका क्षेत्र के 20 वार्डों में 123 प्रगणक करेंगे ऑनलाइन सर्वे, (158 कार्मिकों की तैनाती, 25 अप्रैल से 24 मई तक चलेगा ऑनलाइन सर्वे कार्य)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका क्षेत्र में शनिवार से ऑनलाइन भवन गणना के प्रथम चरण की शुरुआत हो गई है। इस कार्य के लिए नगर पालिका द्वारा कुल 158 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 144 कार्मिक सीधे जनगणना कार्य में लगाए गए हैं, जबकि 14 कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार ऑनलाइन भवन गणना के लिए 123 प्रगणक और 21 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। ये सभी नगर क्षेत्र के 20 वार्डों में घर-घर जाकर भवनों का ऑनलाइन विवरण दर्ज करेंगे। प्रथम चरण की यह गणना 25 अप्रैल से शुरू होकर 24 मई तक चलेगी।
जनगणना से पूर्व नगर पालिका सभागार में सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को आईडी कार्ड, गणना सामग्री और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ऑनलाइन सर्वे कार्य समयबद्ध और पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एवं गणना चार्ज अधिकारी एम.एल. शाह ने बताया कि ऑनलाइन भवन जनगणना से नगर क्षेत्र के सभी भवनों का सटीक डाटा उपलब्ध होगा। इससे नगर की विकास योजनाओं और शहरी सेवाओं को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से जनगणना में सहयोग करने की अपील की।
नगर पालिका प्रशासन ने कहाँ कि आवश्यकता पड़ने पर रिजर्व स्टाफ को तुरंत तैनात किया जाएगा, ताकि ऑनलाइन भवन गणना कार्य बिना किसी बाधा के निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।
इस दौरान नप लेखाकार सतीश चमोली, मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत, रविंद्र पवार, बेताल सिंह, संजय शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



