डोईवाला शुगर मिल में तैयारियों की दौड़ तेज, 21 नवंबर से गन्ना पेराई का बिगुल।
मशीनरी अपग्रेड, सुरक्षा प्रोटोकॉल और ट्रॉली प्रबंधन को मिला नया स्वरूप,किसानों को मिलेगी सुचारू और पारदर्शी व्यवस्था।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
आगामी 21 नवंबर से शुरू होने वाले गन्ना पेराई सत्र को लेकर डोईवाला शुगर मिल में तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले कई दिनों से मिल परिसर में मशीनों की मरम्मत, सफाई, लाइन चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारी और कर्मचारी लगातार जुटे हुए हैं ताकि इस बार सत्र बिना किसी व्यवधान के बेहतर प्रबंधन के साथ शुरू हो सके।
अधिशासी निदेशक डीपी सिंह ने बताया कि पेराई सत्र को देखते हुए बॉयलर, क्रशिंग यूनिट, टर्बाइन और पावर हाउस की व्यापक जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मिल प्रशासन पूरी तैयारी के साथ 21 नवंबर को सत्र शुरू करने जा रहा है और लक्ष्य है कि किसानों को गेट पास से लेकर तौल व्यवस्था तक कहीं भी परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष मिल की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए कई तकनीकी सुधार लागू किए गए हैं। कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों के तहत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वहीं ट्रॉली प्रबंधन को व्यवस्थित रखने के लिए एक विशेष टीम की तैनाती भी की जा रही है।
डीपी सिंह ने कहा कि गन्ना किसानों के भुगतान को लेकर विभाग गंभीर है और प्रयास रहेगा कि भुगतान समय पर किया जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की आर्थिक दिक्कत का सामना न करना पड़े।
डोईवाला शुगर मिल में तैयारियों की बढ़ती गति यह संकेत दे रही है कि इस बार गन्ना पेराई सत्र अधिक सुदृढ़ व्यवस्था, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ शुरू होने जा रहा है।



