मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन बनाए रखना समय की जरूरत। वन मंत्री सुबोध उनियाल
वन्य जीव सप्ताह का हुआ समापन, मानव-वन्य जीव सह-अस्तित्व का दिया संदेश।
लच्छीवाला रेंज परिसर में 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक चला कार्यक्रम, वन मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक बृजभूषण गैरोला ने उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लच्छीवाला रेंज के वन विश्राम भवन परिसर में वन विभाग द्वारा आयोजित वन्य जीव सप्ताह का समापन हो गया है,यह कार्यक्रम 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक चला, जिसमें मानव और वन्य जीव सह-अस्तित्व की थीम पर अनेक जनजागरूकता कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ हुईं।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि वन मंत्री सुबोध उनियाल और अध्यक्षता कर रहे विधायक बृजभूषण गैरोला ने दीप प्रज्वलन और पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर सांस्कृतिक विभाग की ओर से लोकगायक गणेश कांडपाल और उनकी टीम ने मनमोहक लोकगीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री और विधायक ने प्रदेशभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मान पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने संबोधित करते हुए कहा कि
वन और वन्यजीव हमारे अस्तित्व का आधार हैं। मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन बनाए रखना समय की जरूरत है। पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा, क्योंकि स्वच्छ हवा और हरियाली आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी जिम्मेदारी है। हमें यह समझना होगा कि जंगल केवल पेड़ों का समूह नहीं बल्कि जीवन का आधार हैं। सरकार वन्यजीवों की सुरक्षा और वन क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है ताकि मानव और प्रकृति के बीच सामंजस्य कायम रह सके।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना ही मानवता की सच्ची सेवा है। डोईवाला क्षेत्र में वन विभाग द्वारा जो पहल की जा रही है, वह सराहनीय है। हमें बच्चों और युवाओं में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ानी होगी ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे।
समापन कार्यक्रम के दौरान वन्य जीव संरक्षण पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम का संचालन लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने किया।
इस मौके पर प्रमुख वन संरक्षक वन्य जीव(भा.व.से.)रंजन कुमार मिश्र,प्रमुख वन संरक्षक (वन पंचायत एवं प्रशासन ) बीपी गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, राजकुमार राज, कृष्णा तड़ियाल, रीता छेत्री, सुरेंद्र सिंह खालसा, रणजीत सिंह बॉबी, उषा कोठारी, आशा कोठारी, मंगल सिंह, कृष्ण तड़ियाल सुरेश कुमार वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



