प्यासे रहे वार्डवासी, खामोश रही नलकूप लाइन और संबंधित विभाग के अधिकारी।
वार्ड नंबर 10 की लेन 11-12 में पानी संकट से जनजीवन अस्त-व्यस्त।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका के भानियावाला वार्ड नंबर 10 की लेन नंबर 11 और 12 में पिछले एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। नल सूख जाने से करीब 50 परिवारों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि लोगों को रोजाना दूर-दराज से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी धन सिंह कैंतुरा ने कहा कि पिछले कई दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है। परिवारों को रोजमर्रा के कामकाज में भारी दिक्कत हो रही है।
चंद्र मोहन सिंह रावत ने बताया कि एक सप्ताह से मोहल्ले में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। लोग रोजाना दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। महिलाओं और बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। विभाग को तुरंत ध्यान देना चाहिएI
सुलोचना देवी ने कहा कि नल सूखने से लोगों को हर दिन परेशान होना पड़ रहा है। पीने के लिए भी पानी जुटाना मुश्किल हो गया है।
वार्ड नंबर 10 के सभासद ईश्वर रौथान ने बताया कि जलापूर्ति बाधित होने की जानकारी मिलते ही विभाग को अवगत कराया गया। मुख्य लाइन दुरुस्त कराने का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही समस्या का समाधान होगा।
जल संस्थान अवर अभियंता विनोद सिंह असवाल ने कहा कि लाइन में आई तकनीकी खराबी की मरम्मत की जा रही है। ठीक होने पर आपूर्ति सामान्य हो जाएगीI
इस मौके पर कुशाल सिंह रावत, भगवान सिंह पवार कुंदन सिंह बिष्ट, मेहरबान सिंह, पिंकी रावत, विनय भगत, शूरवीर रावत, अर्जुन सिंह, विजेंद्र कुमार, पंचम गोसाई, अर्जुन पुंडीर, सुनीता, सुलोचना देवी, भारती देवी, बलवंत सिंह बिष्ट, जय मल्ल सिंह आदि मौजूद रहे।



