भाजपा जिला संगठनात्मक कार्यशाला में कार्यकर्ताओं में भरा जोश।
भानियावाला में आयोजित कार्यशाला में महापुरुषों को नमन के साथ संगठनात्मक रणनीति पर हुआ मंथन।
कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण से ही संगठन होता है मजबूत। डॉ अग्रवाल
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की ऋषिकेश जिला संगठनात्मक कार्यशाला बुधवार को भानियावाला स्थित होटल दून जायका में आयोजित हुई, कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उन्हें नमन करने के साथ की गई।
ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने संगठन में संवाद, अनुशासन और समन्वय को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण से ही संगठन मजबूत होता है।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है। उन्होंने विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसका कार्यकर्ता होता है। बूथ स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा करना प्राथमिकता है और इसके लिए सभी को अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर किए गए प्रयास ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाते हैं।
मुख्य वक्ता जिला प्रभारी दान सिंह रावत ने कहा कि संगठनात्मक दायित्व केवल पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी होते हैं। हर कार्यकर्ता को जनता से सतत संपर्क बनाए रखना चाहिए और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने समयबद्ध कार्य और सक्रियता पर विशेष जोर दिया।
जिला संयोजक (BLA-I) पंकज गुप्ता ने बूथ प्रबंधन और मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता का आधार मजबूत बूथ और सजग कार्यकर्ता हैं, इसलिए हर स्तर पर समन्वय और सतर्कता जरूरी है।
इस अवसर पर दर्जाधारी मंत्री सुभाष बर्थवाल, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ममता नयाल, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, रश्मि देवी, गीतांजलि रावत, उषा कोठारी हिमांशु संगठानी, मनोज ध्यानी सुरेंद्र सुमन सुरेंद्र बिष्ट चंद्रमोहन पोखरियाल जिला मीडिया प्रभारी मनीष क्षेत्री जिला सोशल मीडिया प्रभारी मनोज कांबोज जिला उपाध्यक्ष देवदत्त शर्मा सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



