मध्य वार्ता बेनतीजा, 2 मार्च तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान; मांगें न मानी गईं तो बड़े जन आंदोलन की चेतावनी।
लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों का धरना 14वें दिन भी जारी।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक शोषण के विरोध में श्रमिकों का धरना आज 14वें दिन भी जारी रहा। बीते दिन 23 फरवरी को उप श्रम आयुक्त कार्यालय में कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच हुई मध्य वार्ता से कोई सकारात्मक नतीजा नहीं निकल सका। इसके चलते श्रमिकों ने आज भी आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया।
उप श्रम आयुक्त द्वारा अगली वार्ता के लिए 2 मार्च की तिथि नियत की गई है। श्रमिकों का कहना है कि तब तक वे अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण धरना जारी रखेंगे। श्रमिक नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तय तिथि तक श्रमिकों के पक्ष में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो परिजनों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आंदोलन को बड़े जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
श्रमिक नेता व सभासद संदीप सिंह नेगी ने कहा कि हमारी मांगें न्यायोचित हैं। बार-बार वार्ता के बावजूद समाधान न निकलना दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि 2 मार्च तक श्रमिकों के हित में निर्णय नहीं हुआ, तो हम व्यापक जनसमर्थन के साथ आंदोलन को और तेज करेंगे।
धरना स्थल पर श्रमिक नेता पवन नेगी, विमल सिंह, ऋषि रावत, राहुल छेत्री, मोहित नेगी, ममता देवी, मनीष कुमार, नरेश असवाल सहित अनेक श्रमिक मौजूद रहे।



