12 घंटे में पुलिस ने सुलझाई स्नैचिंग की गुत्थी, किया बुजुर्ग महिला का मंगलसूत्र बरामद।
दुबई से लौटा युवक निकला झपट्टामार, नशे की लत में दिया वारदात को अंजाम
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
कोतवाली डोईवाला पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बुजुर्ग महिला से पता पूछने के बहाने गले का मंगलसूत्र झपट लिया था और मौके से फरार हो गया था।
घटना 10 नवंबर की है। ग्राम मोलधार, अठूरवाला निवासी मनेन्द्र सिंह गुसाईं की मां से अज्ञात युवक ने झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान कर 11 नवंबर को जौलीग्रांट क्षेत्र से मनीष पंवार (25 वर्ष) पुत्र पुरण सिंह निवासी सांकरी कान्हरवाला, भानियावाला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंगलसूत्र का पेंडल (कीमत लगभग ₹25 हजार) बरामद किया तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल को सीज किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पिछले एक वर्ष से दुबई में नौकरी कर रहा था और 10 दिन पहले ही लौटा था। नशे की लत के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।



