वन क्षेत्र से सटे इलाकों में की गई व्यापक साफ-सफाई।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सिमलास ग्रांट में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनभागीदारी से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत वन क्षेत्र से सटे इलाकों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
स्वच्छता अभियान ग्राम प्रधान राखी देवी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। अभियान में ग्रामीणों, महिला मंगल दल, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर बढ़-चढ़कर भागीदारी की और क्षेत्र को स्वच्छ बनाने में योगदान दिया।
ग्राम प्रधान राखी देवी ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ समाज की बुनियाद है। सामूहिक प्रयासों से ही गांव को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनाया जा सकता है।
पूर्व राज्य मंत्री करन बोहरा ने कहा कि स्वच्छता अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। जब लोग स्वयं आगे आते हैं, तभी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य पूरे होते हैं।
लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने कहा कि ऐसे अभियानों से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। स्वच्छता को आदत बनाकर ही आने वाली पीढ़ियों को बेहतर और सुरक्षित पर्यावरण दिया जा सकता है।
अभियान में वन विभाग, हंसते नागरिक और जनप्रतिनिधि की ओर से भी सहयोग प्रदान किया गया।



