शहीद दुर्गामल्ल कॉलेज में मैनस्ट्रुअल हाइजीन पर कार्यशाला आयोजित।
किशोरियों को किया गया जागरूक, आत्मविश्वासी और सशक्त बनने का दिया संदेश।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शहीद दुर्गामल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला में आंतरिक प्रकोष्ठ तथा स्वामी राम हिमालय विश्वविद्यालय, जौलीग्रांट देहरादून के रूरल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में मैनस्ट्रुअल हाइजीन मैनेजमेंट समावेशी शिक्षा के विषय पर छात्र-छात्राओं हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला के पहले सत्र में डॉ. प्रभा बिष्ट (प्रभारी गृह विज्ञान) ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित आहार और पोषण की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की।
दूसरे सत्र में नीलम पांडेय एवं डॉ. नेहा शर्मा ने मैनस्ट्रुअल हाइजीन मैनेजमेंट पर जागरूकता बढ़ाते हुए मासिक धर्म से जुड़े भ्रम और मिथकों को दूर करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म कोई झिझक का विषय नहीं, बल्कि जीवन का स्वाभाविक और गरिमामय हिस्सा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी. पी. भट्ट ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम किशोरियों में संक्रमण की रोकथाम, गरिमा की सुरक्षा और आत्मविश्वास व सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में अत्यंत उपयोगी हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राखी पंचोला, डॉ. अंजलि वर्मा, डॉ. शशिबाला उनियाल तथा डॉ. पुष्पा नेगी उपस्थित रहीं।
कार्यशाला ने छात्राओं में स्वच्छता, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की भावना को सशक्त रूप से स्थापित किया।



