Blog

डोईवाला में न्यायालय स्थापना की कवायद तेज। (धर्मूचक, सीपेट और लच्छीवाला में भूमि का जायजा)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला में प्रस्तावित न्यायालय भवन के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ परवादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान भूमि की उपयुक्तता और न्यायालय परिसर के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया।

जिला जज देहरादून हरीश गोयल, सीजेएम देहरादून, एडीजे तृतीय, डोईवाला न्यायिक मजिस्ट्रेट सांची अग्रवाल और तहसीलदार बीरम सिंह सहित अधिवक्ताओं ने धर्मूचक, सीपेट कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग तथा लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास भूमि का निरीक्षण किया। धर्मूचक में करीब 27 बीघा और लच्छीवाला में करीब पांच बीघा भूमि देखी गई।

डोईवाला में नई अदालत स्थापित करने के लिए लंबे समय से उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। प्रस्तावित न्यायालय परिसर में सिविल जज सीनियर डिवीजन, फैमिली कोर्ट और अपर जिला जज की अदालत स्थापित किए जाने की योजना है। न्यायालय स्थापित होने से डोईवाला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर न्यायिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

परवादून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष फूल सिंह वर्मा ने कहा कि डोईवाला में न्यायालय की स्थापना के लिए बार एसोसिएशन लंबे समय से प्रयासरत है। स्थानीय स्तर पर अदालत बनने से अधिवक्ताओं के साथ क्षेत्र की जनता को भी सुविधा मिलेगी और न्यायिक कार्यों के लिए देहरादून जाने की परेशानी कम होगी।

बार एसोसिएशन के सचिव मनोहर सिंह सैनी ने कहा कि न्यायालय की स्थापना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है। उपयुक्त भूमि का चयन होने के बाद निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

इस दौरान उपाध्यक्ष अतुल कुमार, मनीष धीमान, सुशील वर्मा, महेश लोधी, संदीप जोशी, साकिर हुसैन, भव्य चमोला, विवेक, राजीव, सुमित, अरुण टम्टा, तरन्नुम, सलीम, व्योम गोयल, विवेक भंडारी, राहुल जैकब सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button