ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी बोले— समूहों के माध्यम से महिलाओं को मिला आत्मनिर्भर बनने और चार दीवारी से बाहर निकलकर पहचान बनाने का अवसर।
स्वयं सहायता समूहों से सशक्त हुई मातृशक्ति, डोईवाला में 100 से अधिक महिलाओं का सम्मान।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विकासखंड सभागार डोईवाला में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के सम्मान में सम्मान पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से मातृशक्ति बेहतर और प्रभावशाली कार्य कर रही है। समूहों से जुड़ने के बाद महिलाओं को न केवल आर्थिक रूप से सशक्त होने का अवसर मिला है, बल्कि उन्हें चार दीवारी से बाहर निकलकर समाज में अपनी अलग पहचान बनाने का मंच भी मिला है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज समूहों के जरिए स्वरोजगार, आजीविका और सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी परशुराम सकलानी ने कहा कि राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। मिशन से जुड़कर महिलाएं आज प्रशिक्षण, ऋण सुविधा और बाजार से जुड़ाव के माध्यम से अपनी आय बढ़ा रही हैं।
एरिया कोऑर्डिनेटर देवंती थपलियाल ने स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर विकासखंड डोईवाला की विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लगभग 100 से अधिक महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में रश्मि देवी, लक्ष्मी गुरुंग, शशि कर मधु देवी प्रीती जोशी आरती पांडे मंजू जोशी, प्रीति रागड, ममता कुसुम देवी,गीता शर्मा, निधि गीत रेखा राधिका सुमन रेनू चौधरी आदि के अलावा आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं मौजूद रही।



