Blog

दूषित पानी से त्रस्त कुड़कावाला के ग्रामीण, जल संस्थान कार्यालय में फूटा गुस्सा।

नलों से आ रहा कीड़े-मिट्टी मिला पानी, शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका क्षेत्र के कुड़कावाला गांव में लंबे समय से दूषित पेयजल आपूर्ति से ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। गंदा और बदबूदार पानी पीने को मजबूर ग्रामीणों ने शुक्रवार को जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शीघ्र सुधार की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि घरों में लगे नलों से कीचड़ व कीड़े मिला पानी आ रहा है, जिससे पीने के साथ-साथ खाना बनाने और दैनिक उपयोग में भी परेशानी हो रही है।

स्थानीय निवासी संतोषी देवी ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जल संस्थान में शिकायत की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो गांव में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।

स्थानीय निवासी दिनेश वर्मा ने कहा कि छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं, बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

इस संबंध में जल संस्थान के अधिकारी विनोद असवाल ने बताया कि कुड़कावाला के कुछ क्षेत्रों में खराब पानी की शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि पानी की आपूर्ति लाइन काफी पुरानी है, जिसकी जांच कराई जा रही है और तकनीकी खामियों को दूर कर जल्द ही स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

इस दौरान संतोषी देवी, अक्षय कुमार, हर्षित लोधी, सागर, आयुष, सरस्वती, मीनू, कमला, सरिता,गीता, कृतिक लोधी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button