अखिल भारतीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, उद्घाटन मैच में उत्तराखंड पुलिस की शानदार जीत।
दशमेश क्लब डोईवाला के आयोजन में दो दिवसीय प्रतियोगिता शुरू, देशभर की करीब 20 टीमें ले रहीं हिस्सा।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला के अंतर्गत ग्राम खैरी धरमुचक में आयोजित अखिल भारतीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन राज्य मंत्री सुभाष बर्थवाल और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के ओएसडी धीरेंद्र पवार ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उद्घाटन मैच का शुभारंभ कराया।
दशमेश क्लब डोईवाला द्वारा आयोजित अखिल भारतीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आज भव्य आगाज़ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में उत्तराखंड पुलिस ने फ्रेंड्स क्लब डोईवाला को 2–0 से पराजित किया। उत्तराखंड पुलिस ने यह मैच 25–14 और 25–19 के सीधे सेटों में अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि राज्य मंत्री सुभाष बर्थवाल ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी धीरेंद्र पवार ने कहा कि वॉलीबॉल जैसे खेल अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय स्तर के टूर्नामेंट स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
मारखम ग्रांट प्रधान परविंदर सिंह, डोईवाला पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी एवं पूर्व राज्य मंत्री व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अरुण कुमार सूद ने संयुक्त रूप से कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन समाज में खेल संस्कृति को मजबूत करते हैं और युवाओं को नशे व गलत प्रवृत्तियों से दूर रखते हैं I
टूर्नामेंट के मुख्य आयोजक मलकीत सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता दो दिवसीय है, जिसमें देशभर से लगभग 20 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की टीमें डोईवाला पहुंच चुकी हैं और उनके मुकाबले रात में फ्लड लाइट की रोशनी में खेले जाएंगे।
मलकीत सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य ग्रामीण व शहरी प्रतिभाओं को एक मजबूत मंच देना है, ताकि स्थानीय खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। भविष्य में भी दशमेश क्लब इसी तरह के बड़े खेल आयोजनों के माध्यम से युवाओं को प्रोत्साहित करता रहेगा।
इस अवसर पर सतनाम सिंह, हरीश शर्मा, तेजपाल सिंह, किशन सिंह, बलवीर सिंह, तेजिंदर सिंह, सुरजीत सिंह, जीशान अली, विवेक गुप्ता एवं शैजान अली सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे I



