Blog

समाज कल्याण विभाग की पहल, ढाई सौ जरूरतमंदों को मिली राहत।

दूधली में आयोजित शिविर में व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र सहित सहायक उपकरणों का वितरण।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
समाज कल्याण विभाग की ओर से कुछ दिन पूर्व दूधली क्षेत्र में आयोजित विशेष शिविर के माध्यम से ढाई सौ जरूरतमंद लाभार्थियों को सहायक उपकरण व आवश्यक सामग्री वितरित की गई। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग, बुजुर्ग और कमजोर वर्ग के लोगों को उनके दैनिक जीवन में सुविधा प्रदान करना रहा।

शिविर में लाभार्थियों को व्हीलचेयर, कान की मशीन (श्रवण यंत्र), कमर की बेल्ट, छड़ी, बैसाखी सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। सभी आवेदनों की जांच के बाद पात्रता के आधार पर ही लाभार्थियों का चयन किया गया, ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।

ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए इस शिविर से क्षेत्र के जरूरतमंदों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में अहम भूमिका निभाते हैं।

समाज कल्याण के अधिकारी अधीक्षक आकाशदीप ने कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि पात्र व्यक्तियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान ढाई सौ लोगों को सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।

कृत्रिम अंग एवं हड्डी विशेषज्ञ डॉ. सूचिक दास ने बताया कि सही उपकरण मिलने से दिव्यांग और बुजुर्ग लोगों की कार्यक्षमता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, जिससे लाभार्थी आत्मनिर्भर बन सकें I
शिविर से लाभान्वित लोगों ने समाज कल्याण विभाग और प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि इन सहायक उपकरणों से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी काफी आसान हो जाएगी।

इस मौके पर ग्राम प्रधान दूधली अनूप सिंह, अंजू देवी, रफल सिंह, उमेश बोरा रेखा देवी वीरेंद्र थापा सुनील दत्त आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button