लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों का धरना आठवें दिन भी जारी, ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने दिया समर्थन, प्रशासन से शीघ्र समाधान की अपील।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र की यूरेका फोर्ब्स में श्रमिक शोषण के विरोध में चल रहे अनिश्चितकालीन धरने का आज आठवां दिन रहा। धरना स्थल पर कंपनी प्रबंधन या श्रम विभाग का कोई अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा। इस पर आंदोलनकारी श्रमिकों ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना की और कहा कि आठ दिन बीतने के बावजूद उनकी जायज़ मांगों पर कोई कार्रवाई न होना अत्यंत निराशाजनक है।
धरनेस्थल पर पहुंचे डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने आंदोलनकारी श्रमिकों समर्थन देते हुए कहा कि श्रमिक किसी भी औद्योगिक क्षेत्र की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और अधिकारों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन से आग्रह करता हूँ कि शीघ्रता से उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। यह केवल औद्योगिक क्षेत्र की प्रगति के लिए ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की दृष्टि से भी आवश्यक है।
सभासद और श्रमिक नेता संदीप नेगी ने कहा कि आठ दिन बीतने के बाद भी अधिकारियों की निष्क्रियता अस्वीकार्य है। यह न केवल अन्याय है बल्कि श्रमिकों के मनोबल और औद्योगिक क्षेत्र की छवि पर भी प्रतिकूल असर डाल रहा है। प्रशासन को अब धरना स्थल पर आकर उनकी मांगों का तुरंत समाधान करना चाहिए। अगर अनदेखी जारी रही तो आंदोलन और तेज होगा।
धरने में श्रमिक नेता पवन सिंह नेगी, विमल सिंह, ऋषिपाल सिंह रावत, राहुल छेत्री, मुकेश नौटियाल, मोहित नेगी, ममता देवी, कमला देवी, संगीता भट्ट, मधु देवी, प्रभा देवी, कृष्ण, सतीश, निशांत, नरेश असवाल सहित अन्य श्रमिक मौजूद रहे।



