Blog

मुख्यमंत्री धामी के हस्तक्षेप से निजी कंपनी के कैब संचालन पर लगी रोक।

स्थानीय टैक्सी संचालकों से मिले मुख्यमंत्री, परिवहन सचिव से वार्ता कर संतुलित समाधान का भरोसा।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
स्थानीय टैक्सी संचालकों के हित में राज्य सरकार की तत्परता एक बार फिर सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समय पर किए गए हस्तक्षेप से क्षेत्र में निजी कंपनी द्वारा प्रस्तावित कैब संचालन के निर्णय पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। इससे डोईवाला और जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से जुड़े स्थानीय टैक्सी चालकों को बड़ी राहत मिली है।
इस मुद्दे को लेकर स्थानीय टैक्सी संचालकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने निजी कंपनी के प्रवेश से स्थानीय चालकों के रोजगार पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभावों, वर्षों से निभाई जा रही सेवाओं और नियमों से जुड़ी आशंकाओं को विस्तार से रखा।

टैक्सी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुंदर सिंह पवार और भाजपा के वरिष्ठ नेता ईश्वर रोथान ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद स्थानीय चालक पर्यटन, आवागमन और आपात सेवाओं की जिम्मेदारी निभाते आए हैं। ऐसे में बाहरी निजी कंपनी का संचालन उनके लिए रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा कर सकता था।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट किया कि राज्य सरकार स्थानीय हितों की अनदेखी नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि किसी भी नई व्यवस्था से पहले स्थानीय रोजगार, नियमों का पालन और संतुलन प्राथमिक रहेगा। इस संबंध में उन्होंने परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए सचिव बृजेश संत से स्वयं बातचीत कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सभी पक्षों को साथ लेकर ऐसा निर्णय लिया जाएगा, जिससे न तो स्थानीय टैक्सी संचालकों को नुकसान हो और न ही नियमों का उल्लंघन। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन के बाद निजी कंपनी के कैब संचालन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है, जिससे टैक्सी चालकों में संतोष और राहत का माहौल है।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री धामी के संवेदनशील रवैये और त्वरित हस्तक्षेप के लिए आभार व्यक्त किया। टैक्सी संचालकों का कहना है कि इस निर्णय से न केवल उनके रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है, बल्कि यह संदेश भी गया है कि राज्य सरकार स्थानीय हितों के प्रति गंभीर और प्रतिबद्ध है।
इस दौरान भगवान सिंह पवार, सुनील गुसाई, महेंद्र भारती, चंद्र किशोर उनियाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button