मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं। सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत (डोईवाला के शेड हॉस्पिटल में आयोजित निशुल्क ईएनटी स्वास्थ्य शिविर में 50 से अधिक मरीजों को मिला मुफ्त परीक्षण व विशेषज्ञ परामर्श)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला स्थित शेड हॉस्पिटल में निशुल्क ईएनटी (कान, नाक व गला) स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 50 से अधिक मरीजों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कर विशेषज्ञ चिकित्सकों से निशुल्क परामर्श प्राप्त किया। शिविर में क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शिविर का शुभारंभ हरिद्वार सांसद एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। स्वस्थ शरीर ही व्यक्ति की सच्ची ताकत होता है और ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में लगाए जाने वाले स्वास्थ्य कैंप जरूरतमंद के लिए किसी वरदान से कम नहीं होते।
शिविर के दौरान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शेड हॉस्पिटल में स्थापित डायलिसिस यूनिट का भी निरीक्षण किया और वहां उपचाररत मरीजों से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं आयोजकों की सराहना करते हुए जनकल्याण के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही आयुष्मान भारत योजना जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है, जिससे उन्हें बेहतर और सुलभ इलाज मिल रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है और चिकित्सा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं, जिसका लाभ सीधे आम जनता को मिल रहा है।
शिविर में ईएनटी विशेषज्ञ और सर्जन डॉ. एम. के. तनेजा ने मरीजों के कान, नाक और गले की गहन जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। उन्होंने कहा कि इस शिविर के माध्यम से मरीजों की प्रारंभिक जांच कर समय रहते सही परामर्श दिया गया, जिससे गंभीर बीमारियों से बचाव संभव हो सके। ऐसे स्वास्थ्य शिविर आमजन के लिए बेहद लाभकारी हैं।
इस अवसर पर डॉ. तारिणी तनेजा, डॉ. राजेश घिल्डियाल, डॉ. महेश चंद्र जुगरण, डॉ. कुणाल जुगरण, डॉ. शिवानी जुगरण सहित भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ममता नयाल,भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, पूर्व प्रधान राजकुमार राज, आदेश पवार,सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



