चीनी मिल में खोई सुलगी, कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, (रोजाना पानी डालने के बावजूद एक हिस्से में भड़की आग, सजगता से हालात हुए सामान्य)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
चीनी मिल परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब मिल के एक हिस्से में रखी खोई में अचानक आग सुलग उठी। घटना की सूचना मिलते ही मिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। त्वरित और समन्वित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे की स्थिति नहीं बनी।
मिल प्रबंधन के अनुसार, आग की आशंका को देखते हुए खोई को प्रतिदिन पानी डालकर भिगोया जाता है। इसके बावजूद किसी कारणवश एक हिस्से में आग सुलग गई, जिसमें थोड़ी-सी खोई जल गई। राहत की बात यह रही कि आग फैलने से पहले ही नियंत्रित कर ली गई और किसी भी प्रकार की जनहानि, मशीनरी अथवा मिल की संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
घटना के बाद मिल प्रबंधन ने अधिकारियों और कर्मचारियों की सजगता व तत्परता की सराहना की। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा इंतजाम और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश भी जारी किए गए।



