राजमार्ग विस्तार से प्रभावित व्यापारियों को राहत दिलाने की मांग (नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में मंत्री से की मुलाकात)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
राष्ट्रीय राजमार्ग विस्तार से प्रभावित व्यापारियों के हितों को लेकर डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में सामाजिक प्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा से शिष्टाचार भेंट कर देहरादून–हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग तथा डोईवाला–ऋषिकेश मार्ग विस्तार से प्रभावित दुकानदारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में कहा गया कि सड़क चौड़ीकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग विस्तार के चलते बड़ी संख्या में छोटे व्यापारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि टिहरी बांध प्रभावितों की तर्ज पर व्यापारियों को भी उचित मुआवजा, सहायता राशि और राहत पैकेज दिया जाए।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन इससे प्रभावित हो रहे व्यापारियों की रोजी-रोटी की सुरक्षा भी सरकार की जिम्मेदारी है। समय रहते ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो कई परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा सकता है।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधान अठूरवाला पुरुषोत्तम डोभाल, वार्ड सभासद सुरेश सैनी, सामाजिक कार्यकर्ता संजय चमोली और कमल गोला शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मामले में सकारात्मक और शीघ्र निर्णय लेगी।



