Blog

जाखन पुल का एक वर्ष बाद भी निर्माण न होना सरकारी उदासीनता का प्रमाण। मोहित उनियाल

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के लालतप्पड़ स्थित डेंटल कॉलेज के समीप क्षत्रीग्रस्त जाखन पुल का करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पुनर्निर्माण कार्य शुरू न होने पर राज्य सरकार एवं संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

मोहित उनियाल ने आज जाखन पुल के क्षतिग्रस्त स्थल का दौरा कर वर्तमान स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भारी वर्षा के दौरान जाखन पुल क्षतिग्रस्त हो गया था तथा नदी के किनारों पर भी व्यापक कटाव और नुकसान हुआ था। सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर आवाजाही बंद कर दी गई थी और दोनों दिशाओं का यातायात समीप स्थित दूसरे पुल से संचालित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान पुराने पुल के पिलरों में कई स्थानों पर दरारें दिखाई दीं। ऐसे में संबंधित विभाग को इसकी तकनीकी जांच कराकर आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित करने चाहिए।

उन्होंने कहा कि उस समय सरकार ने शीघ्र नया पुल निर्माण का आश्वासन दिया था, लेकिन लगभग एक वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। यह सरकार की लापरवाही और प्रशासनिक सुस्ती का स्पष्ट उदाहरण है।

मानसून नजदीक है, लेकिन क्षतिग्रस्त पुल का निर्माण शुरू करने के बजाय टूटे हुए पुल के नीचे पुश्ते का कार्य कराया जा रहा है। यदि भारी वर्षा में यह कार्य भी क्षतिग्रस्त होता है, तो यह सरकारी योजना और धन दोनों की बर्बादी साबित होगी।

उनियाल ने कहा कि प्रत्येक वर्ष मानसून के दौरान जाखन नदी विकराल रूप धारण करती है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में पुल निर्माण में हो रही देरी स्थानीय लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।

यदि इस वर्ष भी भारी वर्षा के दौरान कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभागों की होगी।

उन्होंने सरकार से मांग की कि जाखन पुल का निर्माण कार्य बरसात के पश्चात तुरंत प्रारंभ किया जाए तथा नदी किनारे सुरक्षा एवं तटबंध से संबंधित आवश्यक कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button