श्रीलंका के सिविल सर्वेंट्स ने जाना एसडीआरएफ का रेस्क्यू मॉडल। (अर्पण यदुवंशी के मार्गदर्शन में जौलीग्रांट मुख्यालय का किया अध्ययन भ्रमण)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भारत सरकार के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस के क्षमता विकास कार्यक्रम के तहत श्रीलंका से आए सिविल सर्वेंट्स के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट का अध्ययन भ्रमण किया। प्रतिनिधिमंडल को एसडीआरएफ की कार्यप्रणाली, आपदा प्रबंधन, सर्च एंड रेस्क्यू तकनीक और राहत-बचाव अभियानों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने एसडीआरएफ के आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों और प्रशिक्षण व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्हें उत्तराखंड में बाढ़, भूस्खलन, पर्वतीय दुर्घटनाओं और चारधाम यात्रा के दौरान संचालित बचाव अभियानों के बारे में भी बताया गया। श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीआरएफ की कार्यशैली और प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना की।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि इस तरह के अध्ययन भ्रमण से आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान होता है। एसडीआरएफ आधुनिक तकनीकों और प्रशिक्षण के जरिए अपनी रेस्क्यू क्षमता लगातार मजबूत कर रही है।
इस दौरान उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, निरीक्षक ट्रेनिंग प्रमोद कुमार रावत सहित एसडीआरएफ के अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।



