पॉलीहाउस लगाने पर किसानों को 80 फीसदी तक सब्सिडी। (नाबार्ड योजना के तहत उद्यान विभाग ने शुरू की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, मोबाइल से घर बैठे कर सकेंगे आवेदन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने के लिए नाबार्ड योजना के तहत पॉलीहाउस निर्माण पर 80 फीसदी तक सब्सिडी दी जा रही है। उद्यान विभाग ने योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। किसान ‘अपणी सरकार’ पोर्टल के माध्यम से मोबाइल से घर बैठे आवेदन कर सकते हैं।
पॉलीहाउस के माध्यम से संरक्षित खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसमें फसलों को मौसम के प्रभाव, कीट और रोगों से बचाने के साथ कम पानी में बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। टमाटर, शिमला मिर्च, खीरा समेत विभिन्न सब्जियों की खेती पॉलीहाउस में की जा सकती है। इससे किसानों को कम क्षेत्र में बेहतर उत्पादन हासिल करने और आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
योजना का लाभ लेने के लिए किसान का आधार मोबाइल नंबर से लिंक होना जरूरी है। आवेदन के दौरान आधार कार्ड, किसान पंजीकरण/भूमि संबंधी विवरण, बैंक खाते की जानकारी और पासपोर्ट साइज फोटो समेत आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसान को आवेदन संख्या सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
उद्यान विभाग अधिकारी श्वेता चौहान ने बताया कि पॉलीहाउस योजना का उद्देश्य किसानों को संरक्षित एवं आधुनिक खेती से जोड़ना है। इच्छुक किसान ‘अपणी सरकार’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन के साथ आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा।



