गन्ने का भाव 700 रुपये कुंतल करने की मांग, किसान सभा ने सौंपा ज्ञापन। (पेराई सत्र से पहले मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
गन्ना समिति किसान भवन में अखिल भारतीय किसान सभा डोईवाला मंडल की बैठक हरबंस सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बढ़ती महंगाई, किसानों की समस्याओं और संगठन को गांव स्तर पर मजबूत करने को लेकर चर्चा की गई।
अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रसाद देवली ने कहा कि बढ़ती महंगाई और कृषि लागत से किसान परेशान हैं। खाद, कृषि यंत्र और दवाइयों की कीमतें बढ़ने से खेती लगातार महंगी हो रही है। सरकार को किसानों के हित में गन्ने का लाभकारी मूल्य कम से कम 700 रुपये प्रति कुंतल घोषित करना चाहिए।
किसान सभा मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन एकजुट होकर संघर्ष करेगा। उन्होंने गांव-गांव में संगठन को मजबूत करने और किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक ताजेंद्र सिंह ने कहा कि जंगल से सटे क्षेत्रों में जंगली हाथियों के आतंक से गन्ने की फसल को भारी नुकसान हो रहा है। संगठन गांव-गांव जाकर प्रभावित किसानों का जायजा लेगा और नुकसान के संबंध में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेगा।
बैठक के बाद किसान सभा के प्रतिनिधिमंडल ने डोईवाला चीनी मिल पहुंचकर अधिशासी निदेशक अजय वीर सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी निदेशक की नियुक्ति पर उनका स्वागत किया और पेराई सत्र 2026-27 से पहले गन्ने का मूल्य 700 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने की मांग का ज्ञापन गन्ना मंत्री के नाम सौंपा। किसान सभा ने कहा कि पेराई शुरू होने से पहले मांग पूरी नहीं हुई तो किसानों के हित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बैठक में 12 सितंबर को देहरादून टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में किसानों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील भी की गई।
इस दौरान याकूब अली, मलकीत सिंह, अंजुम, अनूप कुमार पाल, जसवीर सिंह, सरजीत सिंह, सत्यपाल, राशिद अली, जगबीर सिंह, हुकम सिंह, प्रेम सिंह पाल, हरबंस सिंह, बलबीर सिंह उर्फ बिंदा, नरेंद्र सिंह, हरीश कुमार शर्मा, किशन सिंह, पूरन सिंह, मदन खंदूरी और यूएन बलोनी मौजूद रहे I



