उत्तराखंडदेश-विदेशराजनीति

खेल महाकुंभ बना अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का मंच, दो दिन तक गूंजता रहा खेल परिसर।

विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी में ग्रामीण व नगर क्षेत्र के खिलाड़ियों की रही दमदार भागीदारी

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ 2025 विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी ने युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और अनुशासन की मिसाल पेश की। राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुनारगांव अठूरवाला परिसर में दो दिनों तक चले इस आयोजन में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से छिपी प्रतिभाएं सामने आईं।
युवा कल्याण, शिक्षा एवं खेल विभाग देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित खेल महाकुंभ में U-19 बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। कबड्डी, खो-खो और एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन किया।
कबड्डी प्रतियोगिता के U-19 बालक वर्ग में भानियावाला की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया, जबकि थानो द्वितीय और रानीपोखरी तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में मारखमग्रांट की टीम विजेता बनी और कोटी भानियावाला की टीम उपविजेता रही।
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में 100×4 मीटर रिले दौड़ में मारखमग्रांट की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। 100 मीटर दौड़ में विवेक, 200 मीटर में विवेक कुमार, 800 मीटर में अभिमन्यु तथा 1500 मीटर दौड़ में सिद्धार्थ ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी संदीप वर्मा ने कहा कि खेल महाकुंभ केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना सिखाने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस मंच से चयनित खिलाड़ी भविष्य में जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
समापन अवसर पर खेल प्रशिक्षक, व्यायाम शिक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, पीआरडी जवान, अभिभावक तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button