डोईवाला पालिका में 150 सफाई कर्मियों को वितरित की गई पीपीई किट।
प्रोजेक्ट सर्कुलर भारत के तहत जागरूकता कार्यक्रम, सुरक्षित कार्य के लिए किया गया प्रेरित
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद डोईवाला में सफाई कर्मियों की सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई। प्रोजेक्ट सर्कुलर भारत के अंतर्गत प्लान फाउंडेशन द्वारा जागरूकता एवं पीपीई किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पालिका सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 150 सफाई कर्मियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई किट) वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मियों को पीपीई किट के महत्व और उसके सही उपयोग की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि नियमित रूप से दस्ताने, मास्क, गम बूट और रिफ्लेक्टर जैकेट का प्रयोग करने से संक्रमण, दुर्घटनाओं और अन्य स्वास्थ्य जोखिमों से काफी हद तक बचाव संभव है। वक्ताओं ने सफाई कार्य के दौरान सतर्कता बरतने और सुरक्षा मानकों का पालन करने पर विशेष जोर दिया।
प्लान फाउंडेशन के प्रतिनिधि वैभव ने कहा कि सफाई कर्मी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करना संस्था की प्राथमिकता है। पीपीई किट का नियमित उपयोग न केवल उन्हें सुरक्षित रखेगा, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगा और कार्यक्षमता में सुधार लाएगा।
नगर पालिका परिषद डोईवाला के अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह ने कहा कि सफाई कर्मियों की सुरक्षा के लिए इस तरह के जागरूकता और सहायता कार्यक्रम आगे भी समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी कर्मियों से अपील की कि वे कार्य के दौरान पीपीई किट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और अपनी सेहत के प्रति सजग रहें।
कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, सीएसआई सचिन रावत, सिद्धार्थ सिंह सजवाण सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। प्लान फाउंडेशन की ओर से अर्चित, दीपिका, तानिया, विकास और दीपक ने कार्यक्रम के संचालन में सहयोग किया। कार्यक्रम में सफाई कर्मियों ने इस पहल के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।



