बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में विकास को मिल रहा है नया आयाम। गैरोला (लच्छीवाला में जंगलात चौकी से बिजली घर तक 700 मीटर इंटरलॉकिंग टाइल सड़क का हुआ लोकार्पण)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लच्छीवाला में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। लच्छीवाला जंगलात चौकी से बिजली घर तक 700 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग टाइल से बनी सड़क का लोकार्पण विधायक बृजभूषण गैरोला द्वारा किया गया। इस सड़क का निर्माण विकासखंड डोईवाला द्वारा लगभग 15 लाख रुपये की लागत से कराया गया है।
सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से कच्चे और जर्जर मार्ग के कारण लोगों को धूल, कीचड़ और फिसलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था, जो अब इस पक्की इंटरलॉकिंग टाइल सड़क के बनने से दूर होंगी। साथ ही बरसात के मौसम में भी राहगीरों और स्थानीय निवासियों को काफी राहत मिलेगी।
लोकार्पण के अवसर पर विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण ही क्षेत्र के समग्र विकास की नींव है। सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं के विस्तार से न केवल आमजन का जीवन सरल होता है, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नया आयाम मिलता है।
इस मौके पर वार्ड सभासद रीना कोठारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य कराना है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। लच्छीवाला में बनी यह इंटरलॉकिंग सड़क स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि संगठन और जनप्रतिनिधि मिलकर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
इस दौरान डोईवाला मंडल महिला मोर्चा अनीता गुरुंग, आदर्श, मनमोहन नौटियाल, प्रेम कुमार पम्मी राज, राजेंद्र डोभाल, रजनी,रामस्वरूप मिश्रा, बीना राणा,गीता राणा, अर्जुन ठाकुर, हौसला पवार सरिता राणा आदि मौजूद रहे I



