भानियावाला में गंदगी पर सख्ती, 11 दुकानदारों से ₹26 हजार जुर्माना, (नगर पालिका के निरीक्षण में सिंगल यूज प्लास्टिक व गंदगी पकड़ी गई, हिमालय चौक की मीट दुकान पर ₹5 हजार की कार्रवाई)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अधिशासी अधिकारी के निर्देशों के क्रम में नगर पालिका परिषद की टीम ने भानियावाला क्षेत्र में सघन स्वच्छता निरीक्षण अभियान चलाया। टीम ने क्षेत्र में संचालित जनरल स्टोर, किराना दुकानें, फल-सब्जी विक्रेता, चाय-नाश्ते की दुकानें, डेयरी, मिठाई की दुकानों सहित अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान गंदगी फैलाने और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करते पाए जाने पर कुल 11 दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। नगर पालिका द्वारा सभी से मिलाकर कुल ₹26,000 का ही अर्थदंड वसूला गया।
अभियान के दौरान भानियावाला क्षेत्र में हिमालय चौक के आसपास संचालित एक मीट की दुकान पर अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया। यह राशि भी कुल वसूले गए ₹26,000 में ही शामिल है।
नगर पालिका टीम ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह बंद करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष एमएल शाह ने कहा कि नगर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने कहा कि निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पाया गया। पहले समझाइश दी गई, लेकिन सुधार न होने पर चालानी कार्रवाई की गई। आगे भी ऐसे निरीक्षण नियमित रूप से किए जाएंगे। इस दौरान पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।



