Blog

माजरी ग्रांट में नहर टूटने से किसानों के खेत जलमग्न। (मानकहीन निर्माण देख सुखविंदर कौर ने लगाई फटकार, जेसीबी से तुड़वाया निर्माण)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लगातार हो रही बारिश के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से सोमवार दिन रात सड़क निर्माण कार्य किए जाने के दौरान शेरगढ़-माजरी की ओर आने वाली किसानों की सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त हो गई। नहर टूटने से पानी का बहाव बढ़ गया और किसानों के खेत जलमग्न हो गए। पानी घरों में घुसने की नौबत आने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एनएचएआई अधिकारियों का घेराव कर जवाब मांगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के दौरान नहर क्षतिग्रस्त होने के बाद भी उसे दुरुस्त नहीं कराया गया। लगातार बारिश और नहर के पानी से माजरी ग्रांट क्षेत्र में स्थिति गंभीर बनी हुई है।

मामले की सूचना पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर मौके पर पहुंचीं और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई। मौके पर करीब दो इंच मोटाई का मानकहीन निर्माण मिलने पर तत्काल जेसीबी बुलवाकर निर्माण को तुड़वा दिया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर ने कहा कि किसानों के खेतों और घरों में पानी घुसने की स्थिति गंभीर है। किसानों की सिंचाई व्यवस्था से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नहर को तत्काल दुरुस्त कराने और जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष ताजेंद्र सिंह ने कहा कि नहर क्षतिग्रस्त होने से किसानों को परेशानी हो रही है और फसलों को भी नुकसान का खतरा है। एनएचएआई को नहर तत्काल ठीक करानी चाहिए और निर्माण कार्य में हुई लापरवाही की जांच कर जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।

एनएचएआई के प्रशासनिक अधिकारी विराट चमोली ने कहा कि कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार ही कराया जा रहा है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। नहर क्षतिग्रस्त होने से उत्पन्न समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा और जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाएगी।
मौके पर दयाराम पाल, ग्राम पंचायत सदस्य मुकेश कुमार, मनोज पाल, बख्शीश सिंह, पूर्व बीडीसी मनजीत सिंह, प्रीतपाल ढिल्लो , सरजीत सिंह और विनोद कुमार समेत बड़ी संख्या में किसान व क्षेत्रवासी मौजूद रहे। लाल तप्पड़ चौकी पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button