Blog

रामलीला हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक। नगीना रानी (पांचवें दिन शूर्पणखा प्रसंग और सीता हरण का मंचन, 61 वर्षों से जौलीग्रांट में निभाई जा रही रामलीला की परंपरा)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नवयुवक रामलीला समिति जौलीग्रांट की ओर से आयोजित रामलीला के पांचवें दिन शूर्पणखा प्रसंग और सीता हरण की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंचन के दौरान दर्शक देर रात तक रामलीला का आनंद लेते रहे।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी और एडवोकेट रामेश्वर लोधी ने दीप प्रज्ज्वलित कर रामलीला का शुभारंभ किया।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी ने कहा कि रामलीला हमारी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं का प्रतीक है। भगवान राम के जीवन से हमें मर्यादा, त्याग, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा की सीख मिलती है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

एडवोकेट रामेश्वर लोधी ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज को अच्छे संस्कार और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देने वाला आयोजन है। इसमें प्रस्तुत प्रत्येक प्रसंग मानव जीवन को कोई न कोई महत्वपूर्ण संदेश देता है। ऐसी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल ने कहा कि जौलीग्रांट में पिछले 61 वर्षों से लगातार रामलीला का आयोजन होना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इतने लंबे समय से इस परंपरा को जीवित रखना समिति के सदस्यों और क्षेत्रवासियों की आस्था, मेहनत और समर्पण को दर्शाता है। रामलीला जैसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि इस परंपरा को आगे भी इसी उत्साह के साथ जारी रखा जाना चाहिए।

इस दौरान समिति अध्यक्ष अरुण शर्मा, संरक्षक मनोज नौटियाल, राजकुमार पुंडीर,दरपान बोरा,केसर सिंह, संदीप, सुरेश कोहली, अशोक धीमान, राकेश शर्मा, हरिश्चंद्र, सूर्यकांत, राहुल सैनी, मनोज पाल सहित समिति के सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button