सत्तीवाला व सिमलास ग्रांट के वन क्षेत्रों में लगी आग, वन विभाग की तत्परता से बड़ा नुकसान टला, (दो अलग-अलग स्थानों पर भड़की आग पर समय रहते पाया गया काबू, वन संपदा सुरक्षित)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला क्षेत्र अंतर्गत सत्तीवाला वन चौकी एवं सिमलास ग्रांट के वन क्षेत्रों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। दोनों स्थानों पर आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें तुरंत सक्रिय हुईं और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया गया।
सत्तीवाला वन चौकी क्षेत्र में लगभग आधे हेक्टेयर वन भूमि आग की चपेट में आई, जबकि सिमलास ग्रांट में सूखी पत्तियों और झाड़ियों में आग फैलने लगी थी। समय रहते की गई कार्रवाई के चलते आग को फैलने से रोक दिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि या वन संपदा को नुकसान नहीं हुआ। दोनों स्थानों पर आग बुझाने के बाद पानी डालने का कार्य भी किया गया, ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे।
वन विभाग की टीम पूरी तरह सतर्क है। सूचना मिलते ही दोनों स्थानों पर तत्काल कार्रवाई की गई, जिससे आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। सौभाग्य से आग सीमित क्षेत्र तक ही रही और किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।
रेंजर मेधावी कीर्ति ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में जरा-सी लापरवाही भी गंभीर वनाग्नि का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि सड़क के किनारे या जंगल क्षेत्रों में बीड़ी, सिगरेट, माचिस अथवा कोई भी ज्वलनशील वस्तु न फेंकें और वन संपदा की सुरक्षा में सहयोग करें।



