Blog

हिम्स जौलीग्रांट में विश्व मलेरिया दिवस पर पैनल चर्चा, जागरूकता पर जोर।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
विश्व मलेरिया दिवस के उपलक्ष्य में हिमालयन इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (हिम्स), जौलीग्रांट में पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मलेरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।
माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से मेडिकल कॉलेज के लेक्चर थिएटर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीन डॉ. ए. शरीफ रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मलेरिया उन्मूलन केवल स्वास्थ्य क्षेत्र की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी से ही इसे संभव बनाया जा सकता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जागरूकता, समय पर जांच, प्रभावी उपचार और निरंतर शोध हमें मलेरिया मुक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि आज हमारे पास संसाधन और ज्ञान दोनों उपलब्ध हैं, इसलिए अब ठोस कदम उठाने का समय है।
पैनल चर्चा में विशेषज्ञों के रूप में डॉ. दीपशिखा, डॉ. नवीन सिंह राजपूत, डॉ. राजेन्दर सिंह, डॉ. ऋचा गर्ग और डॉ. सुमित गर्ग ने मलेरिया की रोकथाम, निदान और उपचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर डॉ. विनीत मेहरोत्रा, डॉ. ए.के. श्रीवास्तव और डॉ. सौरभ कोहली सहित अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button